केदारनाथ धाम से करीब 8 किलोमीटर की दूरी पर लगभग 14,200 फीट की ऊंचाई पर स्थित पवित्र वासुकी ताल में पर्यटकों की भारी लापरवाही का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। अत्यधिक दुर्गम और संवेदनशील माने जाने वाले इस ट्रेक पर पहुंचने वाले कुछ यात्रियों द्वारा पानी की बोतलें, चिप्स के पैकेट और प्लास्टिक कचरा खुले में छोड़े जाने पर पर्यावरण प्रेमियों ने गहरा आक्रोश जताया है। वीडियो में रुद्रप्रयाग के स्थानीय युवक दुर्गा प्रसाद देवशाली अकेले ही इस पूरे क्षेत्र में फैले प्लास्टिक कचरे को इकट्ठा कर सफाई करते नजर आ रहे हैं, जिसकी सोशल मीडिया पर जमकर सराहना की जा रही है।
वीडियो के माध्यम से स्थानीय युवक ने भावुक अपील करते हुए यात्रियों को साल 2013 की केदारनाथ आपदा की याद दिलाई और हिमालयी क्षेत्रों की संवेदनशीलता का सम्मान करने का आग्रह किया। मामला संज्ञान में आने के बाद जिला प्रशासन और केदारनाथ वन प्रभाग भी पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गए हैं। रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने संबंधित अधिकारियों को इस संवेदनशील रूट पर निगरानी बढ़ाने और कूड़ा फैलाने वाले पर्यटकों के खिलाफ सख्त दंडात्मक व कानूनी कार्रवाई करने के कड़े निर्देश जारी किए हैं।