राजधानी में सनसनी: प्रेमनगर के जामुनवाला में कूड़े के ढेर से बरामद हुई युवती की लाश, पहचान छिपाने की कोशिश

Spread the love

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत जामुनवाला (फूलसणी) इलाके में बुधवार को एक अज्ञात युवती का शव मिलने से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे जंगल के पास कूड़े के ढेर में एक बोरे और पॉलिथिन के नीचे छिपाकर रखे गए शव को देखा और तुरंत इसकी सूचना प्रेमनगर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि करीब 25 से 26 वर्षीय युवती के चेहरे और गले पर धारदार हथियार से गहरे वार किए गए हैं। शव को सीमेंट के कट्टों और कचरे से इस तरह ढंका गया था कि उसकी पहचान आसानी से न हो सके। मौके पर पहुंची फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) की टीम ने घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं, जिसके बाद police ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका की शिनाख्त के लिए आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों की जांच की जा रही है। देहरादून एसएसपी के निर्देश पर इस जघन्य हत्याकांड का खुलासा करने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमों का गठन किया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही स्थानीय लोगों से पूछताछ में जुटी है।