केदारनाथ व बदरीनाथ धाम की तर्ज पर संवारेंगे पौराणिक मंदिर, केंद्र सरकार करेगी हर संभव मदद

Spread the love

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को दिवाली की शुभकामनाएं देने के साथ ही रविवार को अफसरों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने बताया कि राज्य में तीर्थाटन व धार्मिक पर्यटन के सुनियोजित विकास के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनका व्यापक विचार विमर्श हुआ। केदारनाथ और बदरीनाथ धाम की तर्ज पर राज्य के अन्य पौराणिक मंदिरों व तीर्थ स्थलों को संवारा जाएगा। इन्हें संवारने और सुनियोजित विकास के लिए अलग से मास्टर प्लान तैयार किया जाएगा। रविवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दीपावली की बधाई देने आए अधिकारियों के साथ राज्य के विकास पर चर्चा की।

मुख्‍यमंत्री पुष्‍कर स‍िंह धामी ने कहा क‍ि राज्य सरकार केदारनाथ व बदरीनाथ धाम की तर्ज पर ही राज्य के अन्य पौराणिक मंदिरों व तीर्थ क्षेत्रों के विकास के लिए काम करेगी। पीएम ने कहा कि उत्तराखंड दुनिया भर के करोड़ों लोगों के लिए आस्था और श्रद्धा का केंद्र है। उत्तराखंड में केदारनाथ व बदरीनाथ धाम की तरह ही प्रदेश के अन्य पौराणिक मंदिरों व तीर्थ क्षेत्रों का सुनियोजित विकास करने के लिए राज्य सरकार मास्टर प्लान बनाए। केंद्र सरकार हरसंभव सहायता करने को तैयार है। प्रधानमंत्री ने यह भी सुझाव दिया कि चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को अन्य पौराणिक मंदिरों के महत्व की भी जानकारी देने साथ अन्य पर्यटन स्थलों के बारे में भी बताया जाए। इससे प्रदेश में निश्चित तौर पर पर्यटन का विकास होगा।

प्रधानमंत्री का एक और महत्वपूर्ण सुझाव था कि चार धाम यात्रा पर आए बहुत से श्रद्धालुओं को कई बार हेली सेवा के लिये दो तीन दिन प्रतीक्षा करनी होती है। ऐसी व्यवस्था बनाई जाए कि इस दौरान यात्री आस पास के पर्यटन स्थलों का भ्रमण कर सकें। इससे एक ओर इन यात्रियों के समय का सदुपयोग होगा, वहीं दूसरी ओर उनके द्वारा घूमने के दौरान खर्च किए जाने से स्थानीय निवासियों को रोजगार मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री को कुमाऊं के मंदिरों के लिए मानसखंड मंदिर माला मिशन के बारे में भी जानकारी दी। इस अवसर पर मुख्य सचिव डा. एस एस संधू, अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, आनंद वर्धन, प्रमुख सचिव आर के सुधांशु, सचिव दिलीप जावलकर, डा. रंजीत कुमार सिन्हा, सौजन्या, शैलेश बगोली, डा. पंकज कुमार पांडे, सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी आदि मौजूद रहे।