उत्तराखंड में अगले तीन दिन बिगड़ेगा मौसम और चलेंगी तेज हवाएं, इन जिलों में झमाझम बरसेंगे बदरा

Spread the love

Uttarakhand Weather Update: उत्तराखंड में इस सप्ताह में मौसम का मिजाज नर्म रहने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने 16 से 19 मार्च 2023 के बीच अलग-अलग इलाकों में आंधी-पानी को लेकर येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही ओलावृष्टि और बिजली गिरने से जान-माल के खतरे की संभावना बन सकती है। पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश और ओलावृष्टि का येलो अलर्ट जारी किया गया है। 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की भी संभावना है। माना जा रहा है कि इस बारिश से जंगलों में लगने वाली आग पर काबू पाने में मदद मिल सकती है।

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में 16 से 19 फरवरी तक हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके साथ ही ओलावृष्टि और बिजली गिरने से जान-माल के खतरे की संभावना बन सकती है। वहीं, मैदानी इलाकों में भी इसका असर देखने को मिलेगा। हल्की बारिश और तापमान में कमी आने के साथ ही तेज हवाएं भी चल सकती हैं। इसके चलते तापमान में भी कमी देखी जाएगी। मौसम विभाग की मानें तो गुरुवार यानी 16 मार्च से तापमान में कमी आने की उम्मीद जताई गई है। इस बारिश के चलते वनों में आग की घटनाओं पर भी काबू पाया जा सकेगा। वहीं, बारिश और बिजली गिरने की संभावनाओं को देखते हुए लोगों को पेड़ों से दूर रहने की सलाह दी गई है।