UKSSSC पेपर लीक मामले को लेकर उत्तराखंड पुलिस तेजी से काम कर रही है। बेरोजगार बड़ी संख्या में सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन कर रहे हैं। बेरोजगार संघ ने पेपरलीक मामले को लेकर सरकार के साथ ही आयोग को घेरना शुरू कर दिया है। UKSSSC Paper Leak Case मामले में उत्तराखंड पुलिस भी एक्शन में है। पुलिस ने इस मामले के मास्टरमाइंड खालिद मलिक को गिरफ्तार कर लिया है। खालिद की दो बहनें हिना और साबिया भी पुलिस हिरासत में हैं। खालिद तीन दिनों से फरार था और उससे गहन पूछताछ की जा रही है ताकि इस मामले की पूरी साजिश का खुलासा हो सके। पुलिस ने देहरादून के रायपुर थाने में पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। सोमवार को खालिद की बहन हिना और प्रश्न पत्र हल करने में शामिल प्रोफेसर सुमन को हिरासत में लिया गया था। इसके बाद खालिद की दूसरी बहन साबिया को भी गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि हरिद्वार के लक्सर की निवासी साबिया (35 वर्ष), परीक्षा में अभ्यर्थी के तौर पर शामिल हुए मुख्य आरोपी खालिद मलिक की बहन है। रविवार को प्रदेशभर में विभिन्न विभागों के लिए आयोजित इस परीक्षा के प्रश्नपत्र के तीन पन्ने सोशल मीडिया पर वायरल हो गए थे, जिससे हड़कंप मच गया था। मामले की विवेचना अधिकारी और ऋषिकेश की पुलिस अधीक्षक जया बलूनी ने बताया कि जांच में मिले साक्ष्यों से स्पष्ट है कि खालिद, हरिद्वार के पथरी क्षेत्र में स्थित आदर्श बाल सदन इंटर कॉलेज में बनाए गए परीक्षा केंद्र में किसी तरह का उपकरण लेकर गया था, जिससे उसने प्रश्नपत्र के तीन पन्नों की फोटो खींचकर अपने मोबाइल फोन पर भेजी जो साबिया के पास था। उन्होंने बताया कि साबिया ने खालिद के फोन से ये प्रश्न टिहरी में सहायक प्रोफेसर सुमन के फोन पर भेजे और उनसे उत्तर प्राप्त किए। बलूनी ने कहा, ‘‘साबिया ने खालिद को परीक्षा में नकल कराने के उद्देश्य से सुमन को प्रश्नपत्र की फोटो भेजी और उत्तर हासिल किए। इसलिए प्रकरण में उसकी भूमिका को देखते हुए उसे गिरफ्तार किया गया है।