चाचा ने 12 साल की भतीजी के साथ उठाया खौफनाक कदम, गंगा में लगाई छलांग…SDRF कर रही खोजबीन

Share

ऋषिकेश: टिहरी जिले के लक्ष्मण झूला क्षेत्र में गुरुवार 30 मार्च शाम को बड़ी घटना सामने आई है। यहां ऋषिकेश से सटे पर्यटन क्षेत्र सिरासु पुल के पास गंगा में एक चाचा ने अपनी 12 साल की भतीजी के साथ छलांग लगा दी। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस और SDRF ढालवाला की टीम मौके पर पहुंची। दोनों की तलाश में सर्च ऑपरेशन किया गया, लेकिन देर शाम तक दोनों का कोई सुराग नहीं लगा। आखिर में अंधेरा ज्यादा होने के कारण सर्च ऑपरेशन बंद करना पड़ा। अब शुक्रवार सुबह फिर से दोनों की तलाश में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

ग्राम प्रधान सिरासू प्रीतम सिंह राणा ने पुलिस को बताया कि सुबह यमकेश्वर ब्लॉक के कोटा कुल्याणी गांव निवासी मनीष (24) पुत्र गोपाल सिंह अपनी भतीजी शिवानी (12) पुत्री धर्मपाल के साथ भूसा और सामान लेने के लिए गांव के कच्चे रास्ते से टिहरी गढ़वाल क्षेत्र के गूलर बाजार आया था। दोपहर 3.00 बजे तक दोनों घर नहीं पहुंचे। परेशान परिजनों और ग्रामीणों ने दोनों की खोजबीन शुरू की। बताया कि शाम को 4.30 बजे थ्री ब्लाइंड माइस रैपिड के पास मनीष के दोनों जूते और शिवानी का एक जूता मिला।

प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया उसके अनुसार गुरुवार शाम को करीब साढ़े चार बजे सिरासु पुल के पास एक युवक और बच्ची बैठे हुए थे। काफी देर से दोनों बातचीत कर रहे थे, फिर अचानक दोनों ने गंगा में छलांग लगा दी। आसपास मौजूद लोग उससे पहले कुछ समझ पाते और उनका बचाने के लिए कोई कदम उठाते दोनों गंगा में आंखों से ओझल हो गए थे। दोनों की तलाश में शुक्रवार सुबह फिर से सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। वहीं, पुलिस इस मामले का भी पता लगाने की कोशिश कर रही है, उन्होंने गंगा में कूदकर जान क्यों दी? इस बारे में पुलिस परिजनों से बातचीत कर जानकारी जुटा रही है।