अभिनेत्री उर्मिला सनावर की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। अलग-अलग थानों में दर्ज मुकदमों में बार-बार नोटिस भेजे जाने के बावजूद पुलिस के सामने पेश न होने पर अब उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी गई है। बृहस्पतिवार को भी हरिद्वार पुलिस की दो अलग-अलग टीमों ने सहारनपुर पहुंचकर उर्मिला के आवास पर नोटिस चस्पा किए। तय समय में पेश न होने की स्थिति में गिरफ्तारी वारंट हासिल करने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। पुलिस के अनुसार, उर्मिला सनावर के खिलाफ ज्वालापुर कोतवाली और झबरेड़ा थाने में दर्ज मुकदमों में नोटिस जारी किए गए हैं। इससे पहले बहादराबाद थाने में दर्ज एक अन्य मामले में भी उसे नोटिस भेजा जा चुका है, लेकिन वह अब तक जांच में शामिल नहीं हुई। तीन बार नोटिस जारी होने के बावजूद पेश न होने को पुलिस गंभीरता से ले रही है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए राज्य स्तर की एजेंसियां भी सक्रिय हो गई हैं।