भाजपा ने मोदी सरकार के 11वां साल पूरा होने को भाजपा संकल्प से सिद्धि तक के रूप में मनाने का फैसला किया है। संकल्प से सिद्ध तक के थीम पर आधारित आयोजित कार्यक्रमों में मोदी सरका की 11 साल की उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा। Modi government completes 11 years लेकिन इसमें मुख्य जोर ऑपरेशन सिंदूर की सफलता और भारत के दुनिया की चौथी अर्थव्यवस्था बनने पर होगा। जिसके तहत सभाओं के माध्यम से विकसित भारत का संकल्प लिया जाएगा। इसके साथ ही पत्रकार वार्ता, कार्यशालाएं, विकास प्रदर्शनी, विधानसभा स्तर पर केंद्रीय योजनाओं के पंजीकरण शिविरों का भी आयोजन किया जायेगा। कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए रविवार को प्रदेश अध्यक्ष राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट की अध्यक्षता में प्रदेश स्तरीय वर्चुअल कार्यशाला आयोजित हुई। कार्यशाला में राष्ट्रीय महामंत्री उत्तराखंड प्रभारी दुष्यंत गौतम, सह प्रभारी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा वर्मा प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार द्वारा कार्यक्रम के सफल संचालन के विस्तार से जानकारी दी गई।
प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने जानकारी देते हुए बताया, 9 जून को मोदी सरकार के शानदार 11 साल पूर्ण होने जा रहे हैं। देश के यशस्वी एवं दूरदर्शी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने इस कार्यकाल में अनेकों उल्लेखनीय उपलब्धियां प्राप्त की है। इसी क्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा 8 जून को दिल्ली में तथा मुख्यमंत्री एवं प्रदेश अध्यक्ष द्वारा 9 जून को देहरादून में प्रेस वार्ता को संबोधित किया जायेगा। इसी तरह “मोदी सरकार के 11 साल “संकल्प से सिद्धि तक’ विषय पर जिला स्तर पर 10, 11 जून को प्रेस वार्ता आयोजित की जाएगी। वहीं प्रत्येक जिले में प्रोफेशनल मीट भी आयोजित की जाएगी, जिसमें 3 वक्ता सरकार की उपलब्धियों से संबंधित तीन विषयों पर अपनी बात रखेंगे। इस अभियान के महत्वपूर्ण कार्यक्रम में प्रत्येक मण्डल में 12 से 14 जून तक ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ आयोजित की जायेगी। जिसमें उपस्थित जनसमूह के साथ विकसित भारत के लिए संकल्प लिया जाएगा। वहीं 15-17 जून शक्तिकेन्द्र अनुसार शहरों में मोहल्ला चौपाल और ग्राम पंचायत केंद्रों में पंचायत चौपाल भी आयोजित की जाएंगी।