ऋषभ पंत की मदद करने वाले ‘देवदूतों’ को उत्तराखंड सरकार ने किया सम्मानित, दी एक-एक लाख की सम्मान राशि

Spread the love

Republic Day 2023: राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सड़क हादसे में घायल भारतीय क्रिकेटर ऋषभ पंत की सहायता करने वाले हरियाणा रोडवेज के चालक सुशील कुमार और परिचालक परमजीत को सम्मानित किया। सुशील कुमार की तरफ से उनकी पत्नी रितु और परमजीत के पिता सुरेश कुमार ने उनकी ओर से ये सम्मान लिया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा पर दोनों, चालक एवं परिचालक को एक-एक लाख रुपये की सम्मान राशि, प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न (ब्रह्म कमल की अनुकृति) प्रदान की गई। क्रिकेटर ऋषभ पंत की सड़क हादसे के दौरान सहायता करने वाले दो अन्य युवकों नीशू एवं रजत को भी सम्मानित किया गया।

बता दें 30 दिसंबर को रुड़की में सुशील कुमार और परमजीत के सामने ही ऋषभ की कार दो तीन बार पलटी, उसके बाद दोनों ने ऋषभ को कार से बाहर निकाला था। जिसके बाद हरियाणा रोडवेज के ड्राइवर सुशील कुमार, कंडक्टर परमजीत और 2 अन्य- निशु और रजत ने क्रिकेटर ऋषभ पंत की मदद की थी। रजत और निशु ने पुलिस को पंत से जुड़े सामान भी सौंपे थे। ऋषभ पंत से मिलने दोनों मैक्स अस्पताल भी पहुंचे थे। बाद में पंत ने दोनों की तस्वीर भी सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए उनका आभार जताया था। ऋषभ पंत पिछले साल सड़क एक्सीडेंट में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। पंत का पहले देहरादून के मैक्स हॉस्पिटल में हुआ था। फिर उन्हें बेहतर इलाज के लिए मुंबई के कोकिलाबेन हॉस्पिटल में शिफ्ट किया गया था।