उत्तराखंड पीसीएस 2021 का परिणाम जारी, नायब तहसीलदार आशीष जोशी ने किया टॉप

Spread the love

उत्तराखंड लोकसेवा आयोग ने पीसीएस 2021 का अंतिम परिणाम जारी कर दिया है। कुल 296 अभ्यर्थियों को चयनित किया गया है। Uttarakhand PCS Exam 2021 Result सितारगंज निवासी आशीष जोशी ने परीक्षा में शीर्ष स्थान हासिल किया है। वर्तमान में आशीष जोशीमठ में नायब तहसीलदार के पद पर सेवाएं दे रहे हैं। जबकि दूसरे स्थान पर वैभव कांडपाल और तीसरे स्थान पर पंकज भट्ट रहे हैं। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की ओर से 26 विभागों के रिक्त पदों के लिए पीसीएस 2021 की मुख्य लिखित परीक्षा बीते 27 फरवरी और पांच अप्रैल को आयोजित की गई थी। मुख्य लिखित परीक्षा में कुल 1111 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया था। अब साक्षात्कार व मेडिकल के बाद जारी किए अंतिम परिणाम में कुल 296 अभ्यर्थियों को चयनित किया गया। जिनमें 10 अभ्यर्थियों को डिप्टी कलेक्टर चुना गया है।

आशीष ने बताया कि वह सितारगंज के निवासी हैं। उनकी शुरुआती पढ़ाई भी वहीं से हुई है। वर्तमान में जोशीमठ में नायब तहसीलदार आशीष के पिता केसी जोशी बिजली विभाग में जेई के पद से सेवानिवृत्त हैं। मां पुष्पा जोशी गृहिणी हैं। आशीष की चार बहनें हैं, जिनमें से सबसे बड़ी गृहिणी है। एक असिसटेंट प्रोफेसर, एक ग्राम विकास अधिकारी, एक सेना में मेजर हैं। उनकी पत्नी डॉक्टर हैं। आशीष ने नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी (एनआईएफटी) मुंबई से फैशन टेक्नोलॉजी में ग्रेजुएशन किया। इसके बाद चार साल तक फैशन की दुनिया में नौकरी की। उन्होंने बताया कि उनका मन तो जन सेवा के लिए उत्तराखंड में ही रमता था। माता-पिता भी चाहते थे कि मैं पीसीएस बनूं।