प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मंगलवार को अपने 28 वें दौरे पर उत्तराखंड पहुंच रहे हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साढे चार साल के कार्यकाल में यह उनका 18वां दौरा होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस दौरान दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस वे के साथ ही, टिहरी में 1 हजार मेगावाट क्षमता वाले देश के पहले वेरिएबल स्पीड पंप स्टोरेज संयंत्र का भी लोकार्पण करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी के आगमन को लेकर उत्तराखंड वासियों में भारी उत्साह है। प्रदेश सरकार लोकार्पण समारोह को यादगार बनाने की तैयारियों में जुटी है। मई 2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद, नरेंद्र मोदी 11 सितंबर 2015 को उत्तराखंड के पहले दौरे पर ऋषिकेश पहुंचे थे। तब उन्होंने दयानंद सरस्वती आश्रम पहुंचकर अपने गुरुं दयानंद गिरी से मुलाकात कर उनकी कुशलक्षेम पूछी। भगवान केदारनाथ सहित उत्तराखंड के प्रमुख धामों के प्रति भी पीएम मोदी की गहरी आस्था है।
प्रधानमंत्री बनने के बाद वह पांच बार केदारनाथ की यात्रा पर आ चुके हैं, साथ ही बद्रीनाथ ओर मुखबा का भी दौरा कर चुके हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उत्तराखंड के तीर्थाटन- पर्यटन के ब्रांड अम्बेसडर साबित हुए हैं। प्राकृतिक आपदाओं के चलते केदारनाथ धाम की यात्रा प्रभावित हुई तो पीएम मोदी ने केदार धाम पहुंचकर सुरक्षित चारधाम यात्रा का संदेश देश दुनिया को दिया। प्रधानमंत्री के दौरों के बाद केदारनाथ में श्रद्धालुओं की संख्या अप्रत्याशित ढंग से बढ़ी है। इसी तरह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिथौरागढ़ जिले में स्थित आदि कैलाश में पहुंचने के बाद, इस क्षेत्र में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। बीते वर्ष मार्च में उत्तरकाशी जिले में मां गंगा के शीतकालीन प्रवास स्थल मुखबा पहुंचकर प्रधानमंत्री ने शीतकालीन यात्रा का संदेश दिया। इससे प्रदेश में शीतकालीन यात्रा के साथ ही बारहमासी पर्यटन को बढ़ावा मिला है।
कब-कब उत्तराखण्ड आए प्रधानमंत्री मोदी
- 11 सितंबर 2015 – ऋषिकेश स्थित दयानंद सरस्वती आश्रम के स्वामी दयानंद गिरी की कुशलक्षेम लेने पहुंचे।
- 27 दिसंबर, 2016 – को देहरादून में चारधाम सड़क परियोजना की नींव रखी
- 18 मार्च 2017– देहरादून में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और उनके मंत्रिमंडल के शपथ ग्रहण समारोह में प्रतिभाग।
- 03 मई 2017– प्रधानमंत्री बनने के बाद केदारनाथ की पहली यात्रा। कपाटोद्घाटन के मौके पर की पूजा-अर्चना।
- 20 अक्टूबर 2017–दूसरी बार पहुंचे केदारनाथ दर्शन को।
- 21 जून 2018–अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर एफआरआई देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग।
- 07 अक्टूबर 2018—अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम देहरादून में डेस्टिनेशन इन्वेस्टर समिट को किया संबोधित।
- 07 नवंबर 2018—केदारनाथ में दर्शन कर पुनर्निर्माण कार्यों का जायजा लिया। उसके उपरांत उत्तरकाशी जिले में हर्षिल के पास स्थित अग्रिम सैन्य चौकी पर पहुंच कर आईटीबीपी और सेना के जवानों के साथ मनाई दीवाली।
- 14 फरवरी 2019–कार्बेट पार्क में स्थित ढिकाला पहुंचे। कार्बेट पार्क को रेस्क्यू सेंटर और वाइल्ड लाइफ टाइगर सफारी की सौगात दी।
- 18 मई 2019–केदारनाथ दर्शन और पुनर्निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर ध्यान गुफा में 16 घंटे 45 मिनट तक की साधना। दो दिवसीय दौरे के दूसरे दिन 19 मई को बद्रीनाथ धाम में किए दर्शन।