उत्तराखंड में मौसम ने ली करवट, पर्वतीय क्षेत्र में बर्फबारी से मैदानी इलाके में कंपकंपी..कोहरे का अलर्ट जारी

Spread the love

उत्तराखंड में मौसम ने करवट बदल ली है। बुधवार को प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में जमकर बर्फबारी हुई। केदारनाथ, बद्रीनाथ, औली, यमुनोत्री और गंगोत्री के साथ ही हेमकुंड साहिब और फूलों की घाटी में बर्फबारी हुई है। Today Weather Update Uttarakhand निचले क्षेत्रों में शीतलहर चलने से कड़ाके की ठंड पड़ रही है। चमोली, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़ और रुद्रप्रयाग जनपदों के निचले क्षेत्रों में कहीं- कहीं आंशिक रूप से बादल छाए रहे और अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई। मौसम विभाग ने गुरुवार के मौसम का पूर्वानुमान जारी कर दिया है। इस दौरान एक बार फिर प्रदेश के दो मैदानी जिलों में कोहरे और शीत दिवस को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया। पर्वतीय जनपदों के कुछ क्षेत्रों में पाला गिरने को लेकर एहतियात बरतने के सुझाव दिए गए हैं।

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि गुरुवार को उत्तराखंड का मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। हरिद्वार और उधम सिंह नगर में घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है। देहरादून, पौड़ी और नैनीताल जनपदों में कहीं-कहीं कोहरा छाये रहने की संभावना है। मौसम विभाग द्वारा जारी की गई चेतावनी में पर्वतीय जिलों को भी शामिल किया गया है। मौसम विभाग ने पर्वतीय जिलों के कई हिस्सों में ज्यादा पाला पड़ने की आशंका व्यक्त है। ऐसी स्थिति में लोगों को एहतियात बरतने का भी सुझाव दिया गया है। पर्वतीय क्षेत्रों में हुई बर्फबारी के बाद निचले इलाकों के तापमान में भी गिरावट आई है। औली में सीजन की दूसरी बर्फबारी हुई है। जिससे एक बार फिर पर्यटकों की आमद बढ़ने की संभावना है।