महिला आरक्षण बिल: 33% आरक्षण लागू होने से 23 महिलाएं बनेंगी विधायक, स्पीकर ऋतु खंडूड़ी ने दी प्रतिक्रिया, कहा- PM मोदी को है महिलाओं की चिंता

Share

Women Reservation Bill: कैबिनेट में महिला आरक्षण बिल को मंजूरी देने के बाद भाजपा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया है। बुधवार को बिल लोकसभा में पेश किया जाएगा। इस बिल के लागू होने से प्रदेश की 70 विधानसभा सीटों में 23 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हो जाएंगी। पार्टी ने कहा, 23 महिलाएं विधानसभा पहुंचेंगी। इससे महिलाएं राजनीतिक तौर पर सशक्त होंगी। पार्टी की प्रदेश प्रवक्ता हनी पाठक ने केंद्रीय कैबिनेट में महिला आरक्षण बिल मंजूरी और इसे बुधवार को लोकसभा में पेश करने को ऐतिहासिक कदम करार दिया। कहा, प्रधानमंत्री मोदी ने हमेशा से नारी शक्ति का सम्मान किया है। लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण मिलने के फैसले के बाद पूरी तस्वीर बदलने वाली है।

बीते दिन मोदी मंत्रिमंडल की बैठक में कैबिनेट ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी थी। जिसके बाद सदन की कार्यवाही के दौरान बिल को सदन के पटल पर रख दिया गया। लोकसभा सदन में बिल की पेश होने के बाद से ही बीजेपी काफी उत्साहित नजर आ रही है तो वहीं उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी ने पीएम मोदी का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने एक क्रांतिकारी निर्णय लिया है। महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण बिल कैबिनेट में पास हुआ है। जिसे सदन में पेश कर दिया गया है। स्पीकर ऋतु खंडूड़ी ने कहा कि पीएम मोदी ने हमेशा से ही महिलाओं की आवाज सुनी है और महिलाओं की चिंता की है। साथ ही इस बात को हमेशा से ही कहा है कि महिलाओं को नेतृत्व दे सकें। ताकि वो अपने विकास की बात कह सकें, उस तरफ यह बड़ा कदम उठा है। वहीं, बीजेपी प्रदेश महिला मोर्चा अध्यक्ष आशा नौटियाल ने भी पीएम मोदी का आभार जताते हुए कहा कि जल्द ये बिल सदन में पास होगा। लिहाजा, उन्होंने उत्तराखंड की सभी मातृ शक्ति की ओर से पीएम मोदी को धन्यवाद दिया।