अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित VIP के नाम का खुलासा करने का दावा कर सुर्खियों में आईं अभिनेत्री उर्मिला सनावर को हरिद्वार की अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (ACJM) कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौड़ की बेटी दीपिका राठौर द्वारा दर्ज कराए गए ब्लैकमेलिंग और 5 करोड़ रुपये की रंगदारी के मामले में दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने उर्मिला की जमानत अर्जी मंजूर कर ली। सुनवाई के दौरान उर्मिला की अधिवक्ता प्रीति सिंह चौहान ने पुलिस द्वारा लगाई गई धाराओं की प्रासंगिकता पर सवाल उठाए और अभियोजन पक्ष द्वारा गिनाए गए पुराने मुकदमों पर स्पष्टीकरण देते हुए कोर्ट को बताया कि उन सभी मामलों में पूर्व में ही जमानत मिल चुकी है। अदालत ने अंततः 50-50 हजार रुपये के दो मुचलकों और एक पर्सनल बॉन्ड पर जमानत स्वीकार की।
हालांकि, अदालत से राहत मिलने के बावजूद तकनीकी और कानूनी अड़चनों के कारण उर्मिला सनावर की जेल से रिहाई तुरंत संभव नहीं हो सकी। सोमवार को जमानत मिलने के बाद पेश किए गए शुरुआती जमानतदारों के दस्तावेजों के सत्यापन में विसंगतियां पाए जाने के कारण उन्हें रोशनाबाद जिला कारागार में ही रात बितानी पड़ी। आज, मंगलवार को बचाव पक्ष द्वारा कोर्ट के समक्ष नए जमानतदारों के फ्रेश कानूनी दस्तावेज प्रस्तुत किए जा रहे हैं। इन दस्तावेजों के न्यायिक सत्यापन और कागजी औपचारिकताओं के पूरा होने के बाद, रिहाई का परवाना जेल प्रशासन को भेजा जाएगा, जिसके बाद ही उर्मिला सनावर हरिद्वार जेल से बाहर आ सकेंगी।