गंगोत्री क्षेत्र के दुर्गम केदारताल ट्रैक पर भारी बर्फबारी और खराब मौसम के बीच लापता सात ट्रैकर्स और उनके गाइड सिद्धार्थ राणा को सुरक्षित निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार चौथे दिन भी जारी रहा. खोजबीन में जुटी गढ़वाल हिमालयन ट्रैकिंग एवं माउंटेनियरिंग एसोसिएशन की टीम को करीब 4,000 मीटर की ऊंचाई पर स्थित भोज खरक और केदार खरक के बीच बर्फ के नीचे दबा एक खाली टेंट मिला है. टेंट से कपड़े, चप्पलें और राशन सामग्री बरामद हुई है, जिससे यह साफ हो गया है कि लापता दल इसी रास्ते से आगे बढ़ा था. हालांकि, टेंट मिलने के बाद आसपास के दो से तीन किलोमीटर के दायरे में चलाए गए सघन तलाशी अभियान के बावजूद लापता पर्वतारोहियों का अब तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लग सका है।
अत्यधिक ठंड, ग्लेशियर खिसकने के खतरे और शून्य विजिबिलिटी के कारण धरातल पर सर्च ऑपरेशन चलाने में टीमों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. बिगड़ते मौसम को देखते हुए ट्रैकिंग एसोसिएशन ने अपने जमीनी अभियान को फिलहाल रोक दिया है, लेकिन जिला प्रशासन और एसडीआरएफ (SDRF) की टीमें हाई अलर्ट पर हैं. लापता दल की लोकेशन का पता लगाने के लिए हेलीकॉप्टर के जरिए प्रभावित ऊंचे इलाकों में हवाई रेकी की गई है, परंतु भारी बर्फबारी की सफेद चादर के कारण हवाई सर्वे में भी अब तक कोई सफलता नहीं मिली है. प्रशासन अब आधुनिक पर्वतारोहण उपकरणों और अतिरिक्त बैकअप टीमों के साथ मौसम साफ होते ही रेस्क्यू ऑपरेशन को और तेज करने की रणनीति बना रहा है।