कोटद्वार: वन विभाग के शिकंजे में आया आदमखोर गुलदार, देर रात रेस्क्यू ऑपरेशन में मिली कामयाबी

Spread the love

कोटद्वार (पौड़ी गढ़वाल)। सनेह क्षेत्र के कोटड़ीढांग में एक महिला को निवाला बनाने वाले बड़े नर गुलदार को आखिरकार वन विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद पकड़ लिया है। मंगलवार देर रात चले रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान टीम ने गुलदार को ट्रैंक्विलाइज (बेहोश) कर काबू में किया। गुलदार के पकड़े जाने के बाद से इलाके में व्याप्त दहशत कम हुई है और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। जानकारी के अनुसार, कोटड़ीढांग निवासी कविता कोटियाल सोमवार दिन में अपनी चार अन्य ग्रामीण महिलाओं के साथ पास के जंगल में घास लेने गई थीं। इसी दौरान झाड़ियों में घात लगाकर बैठे गुलदार ने कविता पर हमला कर दिया और उन्हें घसीटकर ले गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

इस दर्दनाक घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। आक्रोशित लोगों ने सनेह मार्ग पर महिला का शव रखकर जाम लगा दिया और गुलदार को तत्काल पकड़ने या मारने की मांग पर अड़ गए। सूचना पर मौके पर पहुंचीं क्षेत्रीय विधायक एवं विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने ग्रामीणों को शांत कराया। उन्होंने वन विभाग के उच्चाधिकारियों को गुलदार को आदमखोर घोषित कर ट्रैंक्विलाइज करने और अंतिम विकल्प के रूप में शूट करने के सख्त निर्देश दिए थे। प्रशासन और वन विभाग की ओर से पीड़ित परिवार को तत्काल ₹3 लाख की आर्थिक सहायता राशि भी प्रदान की गई।

वन विभाग ने घटनास्थल के आसपास पिंजरे लगाने के साथ ही विशेषज्ञों की टीम तैनात कर गश्त तेज कर दी थी। मंगलवार देर रात गुलदार एक बार फिर घटनास्थल के करीब घूमता दिखाई दिया। मौके पर मुस्तैद वन विभाग की टीम ने सटीक निशाना साधते हुए गुलदार को ट्रैंक्विलाइज कर सुरक्षित पकड़ लिया। वन अधिकारियों के मुताबिक, पकड़ा गया गुलदार करीब 3 से 4 साल का पूर्ण वयस्क नर है। फिलहाल उसे वन विभाग के रेस्क्यू सेंटर ले जाया गया है, जहां पशु चिकित्सकों की देखरेख में उसका स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है। साथ ही, सैंपल आदि की जांच कर इस बात की भी पुष्टि की जा रही है कि महिला पर हमला करने वाला गुलदार यही है।