हरिद्वार में सजी 251 बेटियों की डोली: एक ही मंडप में हुए सात फेरे और निकाह, उमड़ा जनसैलाब

Spread the love

देवभूमि उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में सामाजिक सरोकार और सर्वधर्म समरसता की एक अनूठी मिसाल देखने को मिली है। लक्सर के पीपली गांव के समीप खानपुर विधायक उमेश कुमार के नेतृत्व में आयोजित भव्य सर्वधर्म सामूहिक विवाह समारोह में 251 निर्धन कन्याओं के हाथ पीले हुए। मंगलवार (24 नवंबर) को संपन्न हुए इस ऐतिहासिक आयोजन में हजारों की संख्या में पहुंचे लोगों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया। इस सामूहिक विवाह समारोह की सबसे खास बात इसकी सांप्रदायिक सौहार्द की तस्वीर रही। लक्सर-हरिद्वार मुख्य मार्ग पर करीब 100 बीघा क्षेत्र में सजे विशाल पंडाल में हिंदू और मुस्लिम दोनों समुदायों के जोड़ों का विवाह एक साथ संपन्न कराया गया। जहां एक ओर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हिंदू जोड़ों ने अग्नि को साक्षी मानकर सात फेरे लिए, वहीं दूसरी ओर मौलवियों ने मुस्लिम जोड़ों का पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ निकाह पढ़ाया।

नवदंपतियों को शुभकामनाएं देने के लिए मनोरंजन, योग और शिक्षा जगत की कई जानी-मानी हस्तियां लक्सर पहुंचीं। समारोह में मशहूर बॉलीवुड गायक मीका सिंह, बी प्राक और हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा ने अपनी लाइव परफॉर्मेंस से माहौल को यादगार बना दिया। इसके अलावा पतंजलि योगपीठ के महामंत्री आचार्य बालकृष्ण, चर्चित शिक्षक अवध ओझा और अभिनेता सलमान खान के सुरक्षा प्रमुख शेरा भी मंच पर मौजूद रहे और सभी जोड़ों के सुखद दांपत्य जीवन की कामना की। आयोजन समिति और विधायक उमेश कुमार की ओर से सभी 251 बेटियों को विदाई के समय गृहस्थी बसाने के लिए आवश्यक सभी उपहार भेंट किए गए। इसमें डबल बेड, गद्दे, अलमारी, बर्तन और अन्य घरेलू उपयोग की वस्तुएं शामिल थीं। समारोह में शामिल होने आए हजारों बारातियों, परिजनों और स्थानीय नागरिकों के स्वागत व भोजन के लिए विशाल भंडारे का भी इंतजाम किया गया था। स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे गरीब परिवारों के लिए एक बड़ा सहारा बताया है।