देहरादून की जाखन नदी में बड़ा हादसा होते-होते टल गया। जाखन नदी में मंगलवार को 12 वर्षीय बालिका तेज बहाव में बहने लगी। मौके पर मौजूद छुट्टी पर आए एक सैनिक और तीन युवकों ने नदी में छलांग लगाकर बालिका को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। जानकारी के अनुसार, बालिका अपने साथियों के साथ जाखन नदी का पानी देखने गई थी। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह नदी के तेज बहाव में बहने लगी। इसी दौरान मौके पर मौजूद छुट्टी पर आए फौजी और तीन युवकों ने बिना समय गंवाए नदी में छलांग लगा दी। काफी मशक्कत के बाद चारों ने मिलकर बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। वहीं लगातार हो रही बारिश के बीच प्रशासन भी लोगों से नदी-नालों और बरसाती गदेरों के पास नहीं जाने और सतर्क रहने की अपील कर रहा है। बारिश के मौसम में जलस्तर अचानक बढ़ने की आशंका को देखते हुए विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।