रुड़की स्थित विश्व प्रसिद्ध पिरान कलियर में हजरत साबिर पाक के 758वें सालाना उर्स मेले के दौरान मंगलवार को एक बड़ा हादसा हो गया। दरगाह के पहाड़ी गेट के पास स्थित व्यस्त अजमेरी बाजार में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिसकी गगनचुंबी लपटें देखकर मेले में आए जायरीनों और स्थानीय दुकानदारों में हड़कंप मच गया और चारों तरफ अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही पिरान कलियर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी तत्काल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड की टीम को सूचना देने के साथ ही पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से वहां मौजूद भारी भीड़ को नियंत्रित किया। दमकल विभाग की गाड़ियां पहुंचने से पहले पुलिस और स्थानीय निवासियों ने उपलब्ध संसाधनों (पानी और रेत) की मदद से आग को आसपास की अन्य दुकानों में फैलने से रोकने का भरसक प्रयास किया। गनीमत यह रही कि इस भीषण अग्निकांड में किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई और कोई भी जायरीन या दुकानदार घायल नहीं हुआ।