विकसित उत्तराखण्ड के निर्माण में प्रवासियों की भूमिका अहम, सीएम धामी ने रात्रिभोज पर किया संवाद

Spread the love

तृतीय प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन के समापन अवसर पर मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में देश के विभिन्न हिस्सों से आए प्रवासी उत्तराखण्डियों के सम्मान में एक विशेष रात्रिभोज का आयोजन किया। इस दौरान प्रवासियों का आत्मीय स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रवासी समाज केवल विभिन्न क्षेत्रों में अपनी सेवाएं ही नहीं दे रहा, बल्कि वह देवभूमि की समृद्ध संस्कृति, लोक परंपराओं और आध्यात्मिक विरासत का सशक्त संवाहक भी है। उन्होंने प्रवासी परिवारों से आह्वान किया कि वे अपनी नई पीढ़ी को अपनी जड़ों, बोली-भाषा और लोक कलाओं से जोड़े रखें ताकि उत्तराखण्ड की विशिष्ट पहचान देश और दुनिया में निरंतर आगे बढ़ती रहे।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखण्ड को एक विकसित राज्य बनाने के संकल्प को दोहराते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस विकास यात्रा में प्रवासियों का अनुभव, निवेश और नवाचार अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने प्रवासी उत्तराखण्डियों से राज्य के युवाओं और उद्यमियों को अपने ज्ञान का लाभ देने तथा प्रदेश की प्रगति में सक्रिय भागीदार बनने की अपील की। इस अवसर पर सीएम धामी ने अपने पैतृक गांवों को गोद लेकर वहां विकास कार्यों और आजीविका संवर्धन में सहयोग करने वाले प्रवासियों की सराहना करते हुए कहा कि अपनी मातृभूमि से जुड़ाव का यह प्रयास ग्रामीण क्षेत्रों की तस्वीर बदलने में मील का पत्थर साबित हो रहा है।