रुद्रपुर जिला अस्पताल में खूनी तांडव: दिनदहाड़े मोबाइल कारोबारी की चाकुओं से गोदकर हत्या, भाई गंभीर

Spread the love

उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर जिला अस्पताल परिसर में आज (13 नवंबर) दिनदहाड़े एक मोबाइल कारोबारी की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान जगतपुरा (ट्रांजिट कैंप) निवासी राजकुमार उर्फ नितेश जौहरी के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, मोबाइल दुकानों की व्यावसायिक प्रतिस्पर्धा और सीसीटीवी कैमरे लगाने को लेकर दो पक्षों के बीच पुराना विवाद चल रहा था। आज सुबह दुकान पर हुई मारपीट के बाद जब घायल पक्ष मेडिकल और इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचा, तो हमलावरों ने पीछा करते हुए इमरजेंसी गेट के पास उन पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस खूनी संघर्ष में सीने पर चाकू लगने से नितेश जौहरी की मौत हो गई, जबकि उनके छोटे भाई दिनेश जौहरी और दुकान के कर्मचारी समेत कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर हुई इस वारदात के बाद पूरे परिसर में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया है। घटना की सूचना मिलते ही एसपी सिटी प्रमोद कुमार और तीन थानों की पुलिस फोर्स ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में लिया और अस्पताल को छावनी में तब्दील कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच तेज कर दी है।