कोटा के बाद अब उत्तराखंड में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के तहत लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने देहरादून में छात्रों और युवाओं से सीधा संवाद किया। बारिश के कारण कार्यक्रम निर्धारित समय से कुछ देर बाद शुरू हुआ, लेकिन इसके बावजूद बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं कार्यक्रम में पहुंचे। इससे पहले राहुल गांधी ने एक निजी होटल में कांग्रेस के विधायकों और पूर्व विधायकों के साथ बैठक की। इसके बाद वह कार्यक्रम स्थल पहुंचे, जहां उन्होंने छात्रों की समस्याएं सुनीं और उनसे खुलकर बातचीत की। संवाद के दौरान राहुल गांधी ने प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक, भर्ती प्रक्रियाओं में देरी और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर छात्रों की बातें सुनीं। मंच से कई छात्रों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि पेपर लीक और अनियमितताओं के कारण उन्हें मानसिक, आर्थिक और शैक्षणिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। राहुल गांधी ने छात्रों को भरोसा दिलाया कि उनकी आवाज को राष्ट्रीय स्तर पर उठाया जाएगा और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर लगातार संघर्ष किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने भी बिना किसी झिझक के अपने सवाल और सुझाव रखे। कांग्रेस नेताओं ने इसे युवाओं की आवाज को मंच देने वाला कार्यक्रम बताया।