उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच कोटद्वार के स्नेह क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है, जहां उफनाई कोल्हू नदी को पार करते समय बाइक बह जाने से 26 वर्षीय महिला जेनम और उनकी डेढ़ साल की बेटी शहजादी उर्फ आफिया की डूबने से मौत हो गई। Kotdwar Mother Daughter Drowned मिली जानकारी के मुताबिक, कोटद्वार के सिगड्डी निवासी सद्दाम मंगलवार को अपनी पत्नी और मासूम बेटी के साथ उत्तर प्रदेश के बिजनौर स्थित अपनी बहन के घर से लौट रहे थे। कोल्हू नदी के रपटे पर पानी के तेज बहाव और करंट के चलते अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया और तीनों नदी में समा गए; हालांकि पति सद्दाम किसी तरह तैरकर किनारे पहुंचने में सफल रहे, लेकिन मां और बच्ची तेज लहरों में ओझल हो गईं।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय कोतवाली पुलिस और SDRF की टीम ने त्वरित गति से सघन रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। उफनती नदी की विकराल धाराओं के बीच चलाए गए तलाशी अभियान के दौरान घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर मां और मासूम बच्ची के शव बरामद कर लिए गए, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने पंचनामा भर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, स्थानीय प्रशासन ने पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए नागरिकों से उफनती नदियों, बरसाती नालों और रपटों को पार करने से बचने की सख्त अपील जारी की है।