उधमसिंह नगर जिले के बाजपुर क्षेत्र में कानून व्यवस्था और प्रशासनिक सिस्टम को शर्मसार करने वाला एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। यहां लोक निर्माण विभाग के एक अधिशासी अभियंता के साथ सरेआम बेरहमी से मारपीट की गई और उनके चेहरे पर कालिख पोत दी गई। सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि यह पूरा हाईवोल्टेज ड्रामा बाजपुर की उप जिलाधिकारी ऋचा सिंह, प्रशासनिक अमले और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में होता रहा, लेकिन कोई भी अधिकारी को बचाने आगे नहीं आया। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसे लेकर प्रदेश के प्रशासनिक महकमे में भारी आक्रोश है।
जानकारी के मुताबिक, इस पूरी अभद्रता और मारपीट का मुख्य आरोप भाजपा नेता और पूर्व समाज कल्याण मंत्री राजेश कुमार और उनके समर्थकों पर लगा है। बताया जा रहा है कि बाजपुर क्षेत्र में एक पुल का निर्माण कार्य चल रहा है। कार्य में देरी और लापरवाही के कारण हाल ही में हुई भारी बारिश का पानी डायवर्जन से ओवरफ्लो होकर स्थानीय लेबर कॉलोनी के करीब 100 से 150 घरों में घुस गया। जलभराव के कारण लोगों का भारी नुकसान हुआ, जिससे स्थानीय जनता में काफी गुस्सा था। स्थिति का जायजा लेने जब SDM ऋचा सिंह पुलिस टीम और PWD के अधिशासी अभियंता के साथ मौके पर पहुंचीं, तो वहां पहले से मौजूद पूर्व मंत्री राजेश कुमार और स्थानीय निवासियों का गुस्सा भड़क गया।