विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम यात्रा के दौरान हेलीकॉप्टर टिकट बुकिंग के नाम पर श्रद्धालुओं से ठगी करने का मामला सामने आया है। Chardham Yatra Fraud साइबर ठगों द्वारा यात्रियों की आस्था और जल्द दर्शन की मजबूरी का फायदा उठाते हुए लाखों की धोखाधड़ी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। केदारनाथ धाम की यात्रा पर आए आंध्र प्रदेश के 22 सदस्यीय दल के साथ हेली टिकट दिलाने के नाम पर 2.65 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। यात्रियों को केदारघाटी हेलीपैड पहुंचने पर पता चला कि उनके टिकट फर्जी हैं और उनके साथ ठगी हुई है। इस मामले में पुलिस को शिकायत दी है। आंध्र प्रदेश के चित्तूर-तिरुपति ग्रामीण क्षेत्र से पहुंचे दल के सदस्य जी वीरा राघावलू ने बताया कि वे केदारनाथ धाम के लिए आनलाइन हेली टिकट बुक करने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन टिकट उपलब्ध नहीं हो पा रहे थे।
इसी दौरान उन्हें एक काल आई, जिसमें एक व्यक्ति ने खुद को हेली टिकट उपलब्ध कराने वाला बताकर 22 लोगों के टिकट बुक करने के नाम पर अलग-अलग समय में रुपये मांगे। उन्होंने उक्त व्यक्ति को कुल 2.65 लाख रुपये ट्रांसफर किए। जब पूरा दल केदारघाटी स्थित हेलीपैड पहुंचा तो पता चला कि उनके टिकट फर्जी हैं। इसके बाद उन्होंने संबंधित व्यक्ति से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उसका मोबाइल नंबर बंद मिला।इसके बाद पीड़ित थाने पहुंचे और पुलिस को शिकायत दी। विदित हो कि केदारनाथ धाम के लिए संचालित हेली सेवाओं के नाम पर हर वर्ष देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु साइबर ठगी का शिकार हो रहे हैं। उत्तराखंड साइबर पुलिस अब तक कई फर्जी वेबसाइट और फर्जी फेसबुक पेज ब्लाक कर चुकी है। प्रशासन और पुलिस लगातार यात्रियों से केवल आइआरसीटीसी की अधिकृत वेबसाइट heliyatra.irctc.co.in से ही हेली टिकट बुक करने की अपील कर रही है।