मुख्यमंत्री धामी का बड़ा बयान, बताया- BJP नेताओ को कब बांटें जाएंगे दायित्व

Share

देहरादून: उत्तराखंड में बीजेपी में नेताओं को बड़ी जिम्मेदारी मिलनी है। खाली पदों को भरने के लिए सियासी गलियारों में हलचल तेज है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार में भाजपा नेताओं को संगठन के साथ राय-मशविरा करने के बाद ही दायित्व बांटे जाएंगे। गैरसैंण को लेकर उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर किसी को चिंतित होने की जरूरत नहीं। गैरसैंण के विकास में किसी चीज की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी।

दिल्ली दौरे में मुख्यमंत्री धामी ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की। इस दौरान दोनों के बीच उत्तराखंड के राजनीतिक हालात, चारधाम यात्रा, अग्निपथ योजना के साथ ही भाजपा नेताओं को दायित्व देने को लेकर भी चर्चा हुई थी। एक न्यूज चैनल को दिए इंटरव्यू में आयोग-निगम-परिषदों में भाजपा नेताओं को दायित्व देने से जुड़े सवाल का मुख्यमंत्री ने हालांकि सीधा जवाब नहीं दिया पर कहा कि संगठन में पुराने कार्यकर्ता हैं, उनको सम्मान मिले, इस पर संगठन के साथ चर्चा की जाएगी। यह एक पूरी प्रक्रिया है, इसके बाद ही दायित्व सौंपे जाएंगे।

सियासी गलियारों में विभिन्न आयोग, निगम और परिषदों में संवैधानिक पदों को छोड़कर अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सदस्यों के लगभग एक साल से खाली चल रहे पदों को भरने की हलचल तेज हैं। भाजपा में दायित्व पाने के लिए संगठन को अब तक 155 से ज्यादा आवेदन मिल चुके हैं। भाजपा के वरिष्ठ नेता भी दायित्वों की दौड़ में हैं। इनमें कुछ ऐसे नेताओं को दायित्व मिलने तय हैं, जिन्होंने विधान सभा चुनाव में समपर्ति होकर काम किया। सीएम धामी ने बताया कि प्रदेश सरकार जनता की अपेक्षाओं के अनुसार काम ही काम करेगी।