टिहरी में भाजपा की बड़ी सेंधमारी: सीता पंवार के साथ कई जनप्रतिनिधियों ने थामा दामन

Spread the love

उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच टिहरी जिले की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। जौनपुर विकास खंड की ब्लॉक प्रमुख सीता पंवार ने अपने कई समर्थकों और पंचायत प्रतिनिधियों के साथ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सदस्यता ग्रहण कर ली है। देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय में 18 नवंबर को आयोजित एक कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने उन्हें पार्टी का पटका पहनाकर सदस्यता दिलाई। इस जॉइनिंग के साथ ही टिहरी जिले के सभी 9 विकास खंडों के प्रमुख अब भाजपा के पाले में आ गए हैं।मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस पूरे राजनीतिक घटनाक्रम में धनोल्टी विधायक प्रीतम पंवार की अहम भूमिका रही। सदस्यता लेने वालों में ब्लॉक प्रमुख सीता पंवार के साथ कनिष्ठ प्रमुख मंजू पंवार, जिला पंचायत सदस्य दीक्षा नेगी, 7 क्षेत्र पंचायत सदस्य (बीडीसी) और करीब एक दर्जन ग्राम प्रधान शामिल हैं।

उल्लेखनीय है कि टिहरी जिले के 9 ब्लॉकों में से 8 (चम्बा, जाखणीधार, भिलंगना, प्रतापनगर, थौलधार, नरेन्द्रनगर, देवप्रयाग और कीर्तिनगर) में पहले से ही भाजपा समर्थित प्रमुख काबिज थे, और अब जौनपुर के जुड़ने से यह आंकड़ा पूरा हो गया है। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में ’65 पार’ के लक्ष्य को हासिल करने के लिए पार्टी संगठन को बूथ और पंचायत स्तर पर मजबूत किया जा रहा है, जिसमें जनप्रतिनिधियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। वहीं, भाजपा में शामिल होने के बाद ब्लॉक प्रमुख ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में क्षेत्र के विकास कार्यों को गति देने और पूरी निष्ठा से कार्य करने की बात कही।