उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ऋषिकेश दौरे के दौरान एक भावुक वाकया सामने आया, जब जनसभा और कार्यक्रमों के बीच भारी भीड़ से आ रही एक असहाय महिला की आवाज सुनकर मुख्यमंत्री अचानक रुक गए। महिला ने अपनी व्यथा सुनाने के लिए जोर से आवाज लगाई, जिसे सुनते ही सीएम धामी प्रोटोकॉल से हटकर खुद चलकर उसके पास पहुंचे और बड़ी आत्मीयता से उसकी फरियाद सुनी। पीड़िता ने रोते हुए बताया कि उसके पति के दोनों फेफड़े खराब हैं और परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद दयनीय होने के कारण वह उनका समुचित उपचार नहीं करा पा रही है। इसके अलावा राशन कार्ड न बनने की वजह से भी उसके परिवार को रोजाना गंभीर आर्थिक व घरेलू संकट से जूझना पड़ रहा है।
महिला का दुख-दर्द और लाचारी सुनकर मुख्यमंत्री धामी ने मौके पर ही मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों को त्वरित राहत सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि महिला के बीमार पति के इलाज की व्यवस्था प्राथमिकता के आधार पर सरकारी स्तर पर कराई जाए और परिवार का राशन कार्ड जारी करने में आ रही अड़चनों को तत्काल दूर किया जाए। सीएम धामी की इस संवेदनशीलता और मौके पर ही समस्या का संज्ञान लेने की तत्परता की वहां मौजूद स्थानीय लोगों व प्रत्यक्षदर्शियों ने जमकर सराहना की।