उत्तराखंड के पहाड़ी रास्तों पर तेज रफ्तार और लापरवाही एक बार फिर काल बन कर आई है। चकराता क्षेत्र के सिलावड़ा के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दिल दहला देने वाली यह पूरी घटना दुर्घटनाग्रस्त कार में लगे डैशकैम में लाइव कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जानकारी के मुताबिक, कार सवार श्रद्धालु प्रसिद्ध हनोल महासू देवता मंदिर के दर्शन के लिए जा रहे थे। त्यूणी-चकराता-मसूरी राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित सिलावड़ा गांव के पास पहुंचते ही कार अनियंत्रित हो गई।
डैशकैम वीडियो में देखा जा सकता है कि हादसे से ठीक पहले कार के भीतर बेहद तेज आवाज में म्यूजिक बज रहा था और गाड़ी की रफ्तार भी पहाड़ी रास्तों के लिहाज से काफी अधिक थी। एक तीखे मोड़ पर ड्राइवर ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद कार सीधे 200 मीटर (लगभग 650 फीट) गहरी खाई में जा गिरी। वीडियो में कार के खाई में पलटते समय यात्रियों की चीख-पुकार और खौफनाक मंजर साफ देखा जा सकता है।
पुलिस प्रशासन ने इस हादसे के बाद एक बार फिर पर्यटकों और स्थानीय चालकों से अपील की है। पुलिस का कहना है कि पहाड़ी और घुमावदार रास्तों पर गति सीमा का विशेष ध्यान रखें। गाड़ी चलाते समय ध्यान भटकाने वाले तत्वों जैसे तेज म्यूजिक या मोबाइल के इस्तेमाल से बचें, क्योंकि पहाड़ों पर एक छोटी सी चूक भी जानलेवा साबित हो सकती है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।