कांग्रेस में अभी से घमासान! कुमारी सैलजा के सामने भिड़े नेता, बैठक बनी अखाड़ा! | Uttarakhand News

Spread the love

उत्तराखंड में आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच चंपावत जिले के लोहाघाट में कांग्रेस की अंदरूनी गुटबाजी खुलकर सामने आ गई है। प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा के दौरे के दौरान आयोजित कार्यक्रम में मौजूदा विधायक खुशाल सिंह अधिकारी और स्थानीय नेता मुन्ना ढेक के समर्थक आपस में ही भिड़ गए। विवाद की शुरुआत तब हुई जब मुन्ना ढेक और उनके समर्थकों ने जनसभा में भारी भीड़ जुटाने के बावजूद मंच पर उचित सम्मान और बोलने का मौका न दिए जाने पर नाराजगी जताई। कार्यक्रम समाप्त होते ही दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की शुरू हो गई, जिससे बैठक का माहौल पूरी तरह तनावपूर्ण हो गया।

इस हंगामे के दौरान आगामी विधानसभा चुनाव के टिकट को लेकर भी खुली बगावत देखने को मिली। नाराज समर्थकों ने विधायक खुशाल सिंह अधिकारी का टिकट काटने की मांग उठाई और चेतावनी दी कि उन्हें दोबारा प्रत्याशी बनाने पर पार्टी को हार का सामना करना पड़ेगा। वहीं, मुन्ना ढेक ने भी दो टूक शब्दों में ऐलान कर दिया कि यदि वर्तमान विधायक को फिर से टिकट दिया गया, तो वे निर्दलीय मैदान में उतरेंगे। अपने सामने हुई इस अनुशासनहीनता पर प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा ने सख्त नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं को अपनी बात सार्वजनिक रूप से हंगामा करने के बजाय पार्टी के उचित मंच पर रखनी चाहिए।