व्यवस्था जांचने मुख्य सचिव राधा रतूड़ी पहुंचीं बद्री-केदार धाम, समय से काम पूरा करने के दिए निर्देश

Spread the love

मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने गुरुवार को केदारनाथ धाम पहुंचकर पुनर्निर्माण और विकास कार्यों का जायजा लेते हुए समीक्षा की। Chardham Yatra 2024 Arrangement इस दौरान मुख्य सचिव रतूड़ी ने सभी निर्माण कार्यों को कपाट खुलने से पहले दस मई तक पूरा करने का निर्देश दिए हैं। इसके लिए मुख्य सचिव रतूड़ी ने अतिरिक्त मजदूर और संसाधनों का इस्तेमाल करने को भी कहा है। साथ ही उन्होंने अधिकारियों से कहा कि बाबा केदार का दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की दिक्कत का सामना न करना पड़े, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। मुख्य सचिव राधा रतूड़ी गुरुवार सुबह करीब 7.45 बजे हेलीकॉप्टर से केदारनाथ पहुंचीं। इस दौरान मुख्य सचिव के साथ पर्यटन विभाग उत्तराखंड सरकार के विशेष कार्याधिकारी (ओएसडी) भास्कर खुल्बे, डीजीपी अभिनव कुमार और पर्यटन सचिव सचिन कुर्वे भी मौजूद रहे। मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने सबसे पहले जिलाधिकारी और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से पुनर्निर्माण और विकास कार्यों की जानकारी ली।

मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने गुरुवार को बदरीनाथ धाम भी गईं। उन्होंने चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं और पुनर्निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने श्रद्वालुओं की यात्रा को सरल, सुगम एवं सुविधाजनक बनाने और पुनर्निर्माण कार्यों को समय से पूरा करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। मुख्य सचिव राधा रतूड़ी गुरुवार को सुबह करीब 10.30 बजे पर्यटन विभाग के विशेष कार्यधिकारी भाष्कर खुल्वे, पर्यटन सचिव सचिन कुर्वे और डीजीपी अभिनव कुमार के साथ हेलीकॉप्टर से केदारनाथ होते हुए बदरीनाथ पहुंचीं। धाम में पहुंचने पर उन्होंने यात्रा व्यवस्थाओं और पुनर्निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। मुख्य सचिव ने निर्देशित किया कि चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की यात्रा सरल, सुगम और सुविधाजनक बनाने के लिए समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। वैकल्पिक मार्गों को भी सुचारू रखा जाए। बदरीनाथ में संचालित पुनर्निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण करते हुए मुख्य सचिव ने कार्यदायी संस्थाओं को निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए।