BJP प्रत्याशी संजय सेठ के नामांकन कार्यक्रम में शामिल हुए CM धामी, बोले-कांग्रेस सांसद के घर से निकले 300 करोड़

Spread the love

झारखंड की रांची और कोडरमा सीट के भाजपा प्रत्याशियों ने गुरुवार को नामांकन का पर्चा भर दिया। Nomination program of BJP candidate Sanjay Seth रांची में भाजपा प्रत्याशी संजय सेठ के नामांकन के पहले रैली आयोजित हुई, जिसमें उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी के अलावा एनडीए गठबंधन में शामिल आजसू पार्टी के सुप्रीमो सुदेश महतो एवं जदयू के प्रदेश अध्यक्ष खीरू महतो खास तौर पर मौजूद रहे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज भाजपा के रांची संसदीय सीट से लोकसभा प्रत्याशी संजय सेठ के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित किया। इसके बाद मुख्यमंत्री धामी रांची में प्रत्याशी के पक्ष में आयोजित भव्य रोड शो में भी शामिल हुए जहां जनता की भारी भीड़ ने मोदी-धामी जिंदाबाद के नारे लगाए। रांची में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड और झारखंड दोनों एक साथ राज्य बने और यह पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी के संकल्पों की बदौलत संभव हुआ। इन दोनों राज्यों का विकास भी भाजपा की सरकारों की बदौलत ही संभव है।

कांग्रेस ने इस देश में 70 सालों तक राज किया, लेकिन उसने आदिवासियों और वंचितों की सुध तक नहीं ली। दूसरी ओर पीएम नरेंद्र मोदी ने आदिवासी, वंचित और महिला, हर समाज को न्याय दिलाने के लिए ऐतिहासिक कदम उठाए। उन्होंने कोविड काल में हर व्यक्ति के लिए मां-पिता की तरह चिंता की। सीएम धामी ने कहा कि घमंडिया गठबंधन ने भ्रष्टाचार के तमाम रिकॉर्ड तोड़ दिए। इसके कई बड़े नेता घोटालों और मनी लॉड्रिंग में जेल में हैं। झारखंड में कांग्रेस के सांसद धीरज साहू के घर आयकर छापों में भ्रष्टाचार के 300 करोड़ निकले। उन्होंने दावा किया कि रांची से भाजपा के संजय सेठ भी भारी मतों से जीत दर्ज करेंगे और पूरे देश में एनडीए गठबंधन 400 से ज्यादा सीटें हासिल करेगा। उन्होंने कहा कि, कांग्रेसी गैंग भ्रम और झूठ फैला कर देश में तुष्टिकरण का जहर घोल सत्ता हथियाना चाहती है। ये आपका अधिकार छीनकर अपने चहेते समुदाय में बांटना चाहते हैं, इनके घोषणापत्र में जिन्ना की मुस्लिम लीग की छाप नजर आती है। कांग्रेसी गैंग हमारे आदिवासी और ओबीसी भाइयों-बहनों का हक भी विशेष समुदाय में बांटने का षड्यंत्र कर रही है।