खटीमा-झनकईया मेले में पहुंचे सीएम धामी! शारदा कॉरिडोर से बदलेगी घाटों की तस्वीर? | Uttarakhand News

Spread the love

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर खटीमा में आयोजित ऐतिहासिक झनकईया गंगा स्नान मेले का विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने शारदा नदी के तट पर पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की और क्षेत्र के धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए बड़ी घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि लगभग 3,000 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किए जा रहे ‘शारदा कॉरिडोर’ के अंतर्गत झनकईया मेला घाट और काला पुल के समीप नवनिर्मित पूर्णागिरि मंदिर क्षेत्र में दो नए स्नान घाटों का निर्माण किया जाएगा, साथ ही वन शक्ति मंदिर सहित आसपास के अन्य प्राचीन मंदिरों का भी भव्य सौंदर्यीकरण होगा।

भारत-नेपाल सीमा पर लगने वाले इस पारंपरिक मेले को दोनों देशों के ‘रोटी-बेटी’ के संबंधों और साझा सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक बताते हुए सीएम धामी ने कहा कि ऐसे आयोजन हमारी लोक परंपराओं को जीवित रखते हैं। मेले के भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने ‘वोकल फॉर लोकल’ का संदेश देते हुए स्थानीय दुकानदारों से सिंघाड़े व जलेबी खरीदी और खुद जलेबी छानकर छोटे व्यापारियों का उत्साहवर्धन किया। अपने संबोधन में उन्होंने सीमांत व जनजातीय क्षेत्रों के विकास, एकलव्य मॉडल विद्यालयों के माध्यम से शिक्षा सुधार और महिला स्वरोजगार के लिए राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं पर भी प्रकाश डाला।