रुद्रपुर-QR कोड से ठगी का नया खेल!नकदी की कमी बताकर मांगते थे मदद… | Uttarakhand News

Spread the love

रुद्रपुर (उधम सिंह नगर): जिले में डिजिटल पेमेंट की आड़ में ठगी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश हुआ है, जो नकदी की कमी का बहाना बनाकर लोगों को अपना शिकार बना रहा था। रुद्रपुर-नैनीताल राजमार्ग स्थित डाबर मोड़ के पास राहगीरों और स्थानीय दुकानदारों से कुछ युवकों ने आपात स्थिति व कैश न होने की बात कहकर मदद मांगी। आरोपियों ने पीड़ित का क्यूआर (QR) कोड स्कैन कर ऑनलाइन पैसे भेजने का नाटक किया और बदले में नकद रुपये मांगे। भरोसा दिलाने के लिए ठगों ने अपने मोबाइल फोन में भुगतान सफल होने का फर्जी स्क्रीनशॉट दिखाया, जबकि पीड़ित के खाते में कोई रकम जमा नहीं हुई थी।

हालांकि, संदिग्धों की गतिविधियों पर शक होने के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत अपने बैंक खाते और यूपीआई ऐप में बैलेंस की जांच की, जिससे इस फर्जीवाड़े की पोल खुल गई। रंगे हाथों पकड़े जाने पर मौके पर मौजूद लोगों ने घेराबंदी कर आरोपियों को दबोच लिया और जमकर हंगामा किया। इस घटना के बाद पुलिस और साइबर विशेषज्ञों ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति के मोबाइल स्क्रीनशॉट पर भरोसा न करें और अपने बैंक खाते में पैसा जमा होने की पुष्टि किए बिना किसी को नकदी या सामान न दें।