रुद्रपुर में सीएम धामी का रोड शो, बोले- देश की विभिन्न संस्कृतियों का गुलदस्ता है ऊधमसिंह नगर

सीएम धामी ने रुद्रपुर में रोड शो किया। इस दौरान सीएम धामी ने कहा प्रधानमंत्री मोदी के तीसरे कार्यकाल में भारत विश्व का तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक महाशक्ति बनेगा।

Share

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बुधवार को उधम सिंह नगर जिले के दौरे पर थे। जहा सीएम धामी ने रूद्रपुर में नारी शक्ति वंदन महोत्सव में प्रतिभाग किया। CM Dhami road show in Rudrapur इससे पूर्व सीएम धामी ने रुद्रपुर में रोड शो कर लोगों का अभिवादन किया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का रोड शो गल्ला मंडी से शुरू हुआ। रोड शो में हजारों लोग उमड़े। जगह जगह लोगों ने मुख्यमंत्री धामी का स्वागत किया। इस दौरान मंच पर पहाड़ से लेकर तराई की विभिन्न संस्कृतियों की झलक देखने को मिली। इस दौरान उनके साथ केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट, प्रभारी मंत्री गणेश जोशी, विधायक शिव अरोड़ा मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऊधमसिंह नगर जिला एक प्रकार से पूरे भारत की संस्कृतियों का गुलदस्ता है जो अनेकता में एकता की मिसाल एवं विभिन्न संस्कृतियों को अपने में समाहित करते हुए विभिन्न संस्कृतियों के समागम को दर्शाता है।

यह जनपद विविध सांस्कृतिक एवं धार्मिक धरोहरों के समावेश के साथ निरन्तर विकास की ओर अग्रसर है। यहां की नारी शक्ति स्वयं में सशक्त है। जिससे हमारा समाज और अधिक सुदृढ़ और विकसित हो रहा है। मुख्यमंत्री का कार्यक्रम स्थल के मुख्य गेट पर पांच कन्याओं द्वारा तिलक और पुष्प वर्षा के साथ स्वागत और अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पशुपालन विभाग के स्टॉल पर गिर प्रजाति की गौ माता का पूजन कर जनपदवासियों की खुशहाली, बेहतर स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना की। स्टॉलों के अवलोकन के दौरान उत्तराखंड राज्य आजीविका मिशन के स्टॉल पर मुख्यमंत्री ने चरखा में कताई कर स्वयं सहायता समूह की महिलाओं का मनोबल बढ़ाया। उन्होंने विकसित भारत संकल्प यात्रा से लाभान्वित लाभार्थियों के साथ सीधा संवाद भी किया।