चारधाम यात्रा पर सीएम धामी की सख्त नजर, सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर दिए निर्देश | Uttarakhand News

Spread the love

चारधाम यात्रा समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने यात्रा व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया। बैठक में पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, परिवहन, ट्रैफिक प्रबंधन, शौचालयों और होल्डिंग जोन की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और सभी व्यवस्थाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाए। उन्होंने कहा कि जहां भी अतिरिक्त जरूरत महसूस हो, वहां तत्काल आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएं ताकि यात्रा सुचारू रूप से संचालित होती रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मानसून को देखते हुए यात्रा मार्गों के संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जिन स्थानों पर भूस्खलन या आपदा की संभावना रहती है, वहां पहले से सुरक्षा और राहत संबंधी तैयारियां की गई हैं। उन्होंने बताया कि यात्रा के प्रारंभिक पड़ावों और होल्डिंग जोन में पेयजल, स्वास्थ्य सुविधाएं, शौचालय और अन्य बुनियादी व्यवस्थाओं को मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री के अनुसार प्रतिदिन यात्रा की स्थिति की समीक्षा की जाएगी और यात्रियों की संख्या तथा आवश्यकताओं के आधार पर व्यवस्थाओं में सुधार किया जाएगा।

समीक्षा बैठक के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि बाबा केदार, बदरीविशाल, मां गंगा और मां यमुना के आशीर्वाद से चारधाम यात्रा अब तक सफलतापूर्वक संचालित हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग यात्रा के दौरान चुनिंदा घटनाओं के वीडियो प्रसारित कर प्रदेश और चारधाम यात्रा की छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि यात्रा से प्रदेश में पर्यटन, होटल व्यवसाय, परिवहन, होमस्टे और स्थानीय व्यापार को बड़ा लाभ मिल रहा है तथा हजारों लोगों को रोजगार मिल रहा है। ऐसे में यात्रा को राजनीति का विषय बनाने के बजाय सभी को इसके सफल संचालन में सहयोग करना चाहिए।