दिल्ली में उत्तराखंड को लेकर कांग्रेस का मंथन, दो सीटों पर होने हैं प्रत्याशी घोषित

Spread the love

दिल्ली में उत्तराखंड को लेकर कांग्रेस के सीनियर नेताओं की बैठक का दौर शुरू हो गया है। हरिद्वार और नैनीताल-ऊधम सिंह नगर संसदीय सीटों पर कांग्रेस प्रत्याशियों की घोषणा आज हो सकती है। LokSabha chunaw Congress candidate  नई दिल्ली में मंगलवार को कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक हुई, लेकिन इसमें उत्तराखंड पर चर्चा नहीं हुई। यद्यपि, प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा के साथ बैठक में प्रदेश की इन दोनों सीटों पर प्रत्याशियों को लेकर मंथन किया गया।  कांग्रेस प्रदेश की पांच में से तीन संसदीय सीटों अल्मोड़ा, टिहरी और गढ़वाल सीट पर प्रत्याशी घोषित कर चुकी है। दो सीटों हरिद्वार और नैनीताल-ऊधम सिंह नगर में पेंच फंसा हुआ है।

दिल्ली में उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा के साथ प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, पूर्व सीएम हरीश रावत, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व अध्यक्ष प्रीतम सिंह मंथन में जुटे हैं। इस बीच हरिद्वार व नैनीताल को लेकर चर्चा जारी है। माना जा रहा है कि हरिद्वार में हरीश रावत अपने बेटे वीरेंद्र रावत के लिए टिकट मांग सकते हैं। जबकि प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा भी दावेदारी कर रहे हैं। इसके साथ ही नैनीताल सीट पर कई दावेदार होने से आपसी खींचतान चल रही है। यहां से यशपाल आर्य, भुवन कापड़ी, महेंद्र पाल, रणजीत रावत, प्रकाश जोशी के नामों की चर्चा है। इन नामों में यशपाल आर्य के नाम पर तकरीबन सहमति है, पर आर्य चुनाव लड़ने के इच्छुक नहीं बताए जा रहे हैं। हालांकि, पार्टी में एक बड़ा वर्ग नैनीताल-ऊधम सिंह नगर सीट के जातीय समीकरण के हिसाब से आर्य को मजबूत प्रत्याशी के तौर पर देख रहा है।