उत्तराखंड में कांग्रेस आज से शुरू करेगी भारत जोड़ो तिरंगा यात्रा, 9 से 15 अगस्त तक ये रहेगा पूरा कार्यक्रम..

Share

Uttarakhand Congress: आज से क्रांति दिवस के दिन कांग्रेस उत्तराखंड के सभी जिला और विधानसभा क्षेत्र में भारत जोड़ो तिरंगा यात्रा निकालने जा रही है। उत्तराखंड में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने बताया कि कांग्रेस 9 से 15 अगस्त तक हर जिले में 75 किलोमीटर की भारत जोड़ो तिरंगा यात्रा निकालेगी। यात्रा के दौरान बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और स्वास्थ्य सुविधाओं पर चर्चा की जाएगी। आज सुबह 10 बजे रुद्रप्रयाग जिले के गुलाबराय मैदान से भारत जोड़ो तिरंगा यात्रा का शुभारंभ किया जाएगा। वो रुद्रप्रयाग बाजार, सुमेरपुर, रतूड़ा, घोल्तीर, नगरासू से गौचर तक यात्रा में शामिल होंगे। इसके बाद गौचर में जनसभा को संबोधित करेंगे।

स्वतंत्रता संग्राम के सबसे बड़े आंदोलन कुली-बेगार प्रथा के विरोध में हुए आंदोलन के 100 वर्ष पूरे होने पर आन्दोलन की याद में शहीदों को भी श्रद्धांजति देंगे। इसके बाद दोपहर दो बजे चमोली के कर्णप्रयाग में भारत जोड़ो तिरंगा यात्रा में प्रतिभाग करेंगे। वहीं, कांग्रेस कमेटी हल्द्वानी में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य स्वराज आश्रम से यात्रा शुरू करेंगे और इस यात्रा में 20 किलोमीटर की दूरी तय की जाएगी। इधर हरिद्वार ग्रामीण में विधायक अनुपमा रावत और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत संयुक्त रूप से तिरंगा यात्रा की शुरुआत करेंगे। जबकि धारचूला के तहसील प्रांगण से पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा और धारचूला के विधायक हरीश धामी यात्रा को शुरू करेंगे।

वहीं हरिद्वार में पार्टी के सचिव काजी निजामुद्दीन, जबकि ऋषिकेश में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल तिरंगा यात्रा का शुभारंभ करेंगे। इसी प्रकार जिला मुख्यालयों में कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस के विधायक और 2022 में प्रत्याशी रहे नेता अपने अपने विधानसभा क्षेत्र में पदयात्रा निकालेंगे। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा 10 अगस्त को बागेश्वर में, 11 को अल्मोड़ा में, 12 को जसपुर, 13 को ऊधमसिंनगर में, 14 अगस्त को हरिद्वार में भारत जोड़ो तिरंगा यात्रा में शामिल होंगे। जबकि 15 अगस्त को प्रदेश काग्रेस मुख्यालय में भारत जोड़ो तिरंगा यात्रा का समापन होगा।