युवा गायिका करिश्मा शाह की ओर से सोशल मीडिया पर युवाओं से स्वच्छ दून का आह्वान किया गया। गांधी जयंती पर युवा गायिका ने ‘क्लीनेस ड्राइव : एक छोटी सी पहल’ शुरू की, इसके बाद रायपुर स्टेडियम में युवा सफाई अभियान के लिए जुटे। अब हर रविवार को शहर में युवा शक्ति की मदद से सफाई अभियान चलाया जाएगा।
हर रविवार को चलाया जाएगा अभियान
गायिका करिश्मा शाह के साथ ही उनके इस अभियान में गायक शास्वत पंडित, रुहान भरद्वाज, सूरज राणा सहित कई गायक व कलाकर जुड़े हैं। करिश्मा ने बीते दिनों अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर युवाओं को अभियान से जुड़ने की अपील की थी, जिसके बाद उन्हें बड़ी संख्या में युवाओं का समर्थन मिला। करिश्मा के अनुसार शहर की स्वच्छता के प्रति लोग जिम्मेदार बनें, इस उद्देश्य के साथ अभियान शुरू किया गया, जो हर रविवार को चलाया जाएगा।
बताया कि युवा इस अभियान का मोर्चा संभालेंगे। बताया कि कुछ समय पहले वह रायपुर स्टेडियम के पास आई थी और यहां कोल्ड ड्रिंक, चिप्स आदि के खाली पैकेट के ढेर लगे थे। बताया कि यहां लोग घूमने आते हैं और गंदगी फैलाकर जाते हैं। इसलिए गांधी जयंती पर यहीं से हमने अभियान की शुरुआत की। इस मौके पर प्राची पाल, अदिति बड़ोनी, अमित बिष्ट, राजन राना आदि मौजूद रहे।
युवाओं के बीच चर्चित चेहरा करिश्मा शाह
अपने गीतों को लेकर युवाओं के बीच चर्चित चेहरा करिश्मा शाह अन्य कलाकारों सहित शहर के युवाओं को भी अपनी इस पहल में जोड़ रहीं हैं। करिश्मा का कहना है कि समाज के प्रति हम सभी की जिम्मेदारी बनती है। और समाज सेवा कोई अलग से नहीं की जाती है। हम सभी अपने आसपास लोगों को अपने देहरादून शहर को साफ रखने के लिए जागरूक करेंगें। करिश्मा ने आह्वान किया कि सभी युवा एकजुट हों और हर मुद्दे पर अपनी बात रखें। समाज हित में आगे आएं।