उत्तराखंड में मिलावटखोरों और जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले होटल-रेस्टोरेंट संचालकों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने अपना शिकंजा पूरी तरह कस दिया है। Doon Club Handi Restaurant Closed FDA आयुक्त विनय शंकर पांडेय के कड़े और स्पष्ट निर्देशों के बाद विभाग की विशेष सतर्कता टीम ने राजधानी देहरादून में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। टीम ने न्यू सर्वे रोड, करणपुर स्थित प्रतिष्ठित दून क्लब के हांडी रेस्टोरेंट को तत्काल प्रभाव से बंद करवा दिया है। प्रशासन की इस औचक छापेमारी से शहर के खाद्य कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के निरीक्षण के दौरान दून क्लब के इस नामी रेस्टोरेंट के भीतर बेहद चौंकाने वाली और गंभीर विसंगतियां सामने आईं। रेस्टोरेंट के मुख्य रसोईघर और फ्रीजर की जांच करने पर वहां भारी मात्रा में सड़ी-गली सब्जियां और फंगस लगा बासी चावल पाया गया, जिसे ग्राहकों को परोसने के लिए रखा गया था।
टीम ने इस असुरक्षित खाद्य सामग्री को तुरंत जब्त कर मौके पर ही नष्ट करवा दिया। इसके अतिरिक्त, रेस्टोरेंट के हाइजीन स्तर की स्थिति बेहद दयनीय पाई गई। जांच में यह भी सामने आया कि रेस्टोरेंट के फूड स्टोरेज एरिया और कुकिंग जोन में साफ-सफाई का बिल्कुल ध्यान नहीं रखा गया था। वहां भारी गंदगी के बीच चूहे और कॉकरोच खुलेआम घूमते मिले, जो जनस्वास्थ्य के लिए एक बेहद गंभीर खतरा हैं। फूड सेफ्टी नियमों के इस घोर उल्लंघन को देखते हुए अधिकारियों ने रेस्टोरेंट के संचालन पर तुरंत रोक लगा दी और संचालक को 14 दिनों का सुधार नोटिस थमा दिया। अधिकारियों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि तय समय सीमा के भीतर रेस्टोरेंट की स्थिति में सुधार नहीं हुआ, तो इसका फूड लाइसेंस स्थायी रूप से निरस्त कर दिया जाएगा।