उत्तराखंड में मानसून की विदाई के बाद शुष्क पड़े मौसम के बीच अब भारतीय मौसम विज्ञान केंद्र ने एक बड़ा अपडेट जारी किया है। Chardham Yatra Weather Alert देवभूमि में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के चलते अगले 5 से 7 दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा। मौसम विभाग ने 14 अक्टूबर से 16 अक्टूबर 2026 के बीच राज्य के अधिकांश हिस्सों में तेज आंधी-तूफान, ओलावृष्टि और ऊंची चोटियों पर भारी बर्फबारी को लेकर ‘येलो अलर्ट’ जारी कर दिया है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के निदेशक डॉ. सीएस तोमर के अनुसार, इस मौसमी बदलाव का सबसे ज्यादा असर 15 अक्टूबर को देखने को मिलेगा। इस दिन गढ़वाल से लेकर कुमाऊं मंडल तक तेज हवाओं के साथ आकाशीय बिजली चमकने और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।
उन्होंने बताया कि 14 अक्टूबर और 15 अक्टूबर को देहरादून, नैनीताल और हरिद्वार समेत मैदानी जनपदों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं, 16 अक्टूबर को उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जनपदों में भी बारिश देखने को मिल सकती है। इससे पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम ठंडा होने के साथ तापमान में गिरावट आने की संभावना है। तोमर ने बताया कि 14 अक्टूबर को 3,800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है और 15 और 16 अक्टूबर को 3,500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने की संभावना है। केदारनाथ, बद्रीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री की यात्रा पर आए श्रद्धालुओं को मौसम विभाग ने विशेष एहतियात बरतने की सलाह दी है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तापमान सिंगल डिजिट में पहुंचने की संभावना है। तीर्थयात्रियों को अपने साथ पर्याप्त मात्रा में गर्म कपड़े, रेनकोट और जरूरी दवाइयां रखने की हिदायत दी गई है। स्थानीय प्रशासन की ओर से भी मौसम की सटीक जानकारी लेने के बाद ही पहाड़ों पर सफर शुरू करने की अपील की जा रही है।