अंकिता को न्याय की मांग! CBI मुख्यालय पहुंचे माता-पिता, साथ रहे अनिल बलूनी| Uttarakhand News

Spread the love

उत्तराखंड के बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर अंकिता के माता-पिता ने शुक्रवार को नई दिल्ली स्थित सीबीआई मुख्यालय पहुंचकर वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की. इस दौरान पौड़ी गढ़वाल से भाजपा सांसद अनिल बलूनी भी पीड़ित परिवार के साथ मौजूद रहे, जिन्होंने अंकिता के पिता वीरेंद्र सिंह भंडारी और माता सोनी देवी की मुलाकात सीबीआई के शीर्ष अफसरों और डायरेक्टर से करवाई. सीबीआई के अधिकारियों ने परिवार को मामले के सभी पहलुओं की गहनता से समीक्षा करने और पूरी विवेचना निष्पक्ष व न्यायसंगत ढंग से आगे बढ़ाने का भरोसा दिया है। मुलाकात के बाद अंकिता के पिता ने बताया कि उन्होंने सीबीआई के सामने मुख्य रूप से सुरेश राठौर और उर्मिला सनावर का नार्को टेस्ट कराने की मांग रखी है. इसके साथ ही, पीड़ित परिवार ने यह भी मांग उठाई है कि जब तक इस मामले की जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक भाजपा नेता दुष्यंत कुमार गौतम को सिक्किम के राज्यपाल पद की शपथ न दिलाई जाए. गौरतलब है कि सितंबर 2022 के इस हत्याकांड में मई 2025 को मुख्य आरोपी पुलकित आर्य और उसके सहयोगियों को उम्रकैद की सजा मिल चुकी है, लेकिन मामले में शामिल “वीआईपी” (VIP) चेहरे को बेनकाब करने के लिए परिवार का संघर्ष लगातार जारी है.