कथित वायरल ऑडियो मामले में धामी का एक्शन, पीड़ित परिवार को सुरक्षा का भरोसा! | Uttarakhand News

Spread the love

उत्तराखंड के कथित वायरल ऑडियो प्रकरण में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कड़ा संज्ञान लेते हुए पीड़ित परिवार को पूरी सुरक्षा और हरसंभव मदद का भरोसा दिया है। इस मामले में कांग्रेस विधायक प्रीतम सिंह के भाई और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष चमन सिंह तथा राजपाल सिंह पर पीड़ित बालक राम के परिवार को धमकी देने और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप है। मुख्यमंत्री धामी ने संवेदनशीलता दिखाते हुए पीड़ित की बेटी दीक्षा से फोन पर सीधे बात की और उन्हें ढांढस बंधाया। सीएम ने स्पष्ट किया कि राज्य में किसी भी नागरिक के सम्मान और सुरक्षा से समझौता नहीं किया जाएगा और भय का माहौल बनाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

मुख्यमंत्री के सीधे हस्तक्षेप के बाद शासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। सीएम धामी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) को इस पूरे प्रकरण की गहराई से और निष्पक्ष जांच करने के सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने पुलिस को आदेश दिया है कि वायरल ऑडियो की सत्यता की जांच करते हुए दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाए। मुख्यमंत्री ने दो टूक कहा है कि राज्य में कानून व्यवस्था सर्वोपरि है और किसी भी रसूखदार व्यक्ति को कानून हाथ में लेने या किसी गरीब परिवार को डराने-धमकाने की इजाजत नहीं दी जाएगी।