उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले के धारचूला क्षेत्र में बुधवार सुबह एक हृदयविदारक सड़क हादसे में आठ वर्षीय मासूम की जान चली गई। Pithoragarh Child Accident कालिका गांव निवासी भरत सिंह का इकलौता पुत्र ईश्वर सिंह बिष्ट अपने ताऊ कविंद्र सिंह के साथ बाइक से धारचूला बाजार बाल कटवाने आया था। सुबह करीब 11 बजे घर लौटते समय टनकपुर-तवाघाट राष्ट्रीय राजमार्ग पर फुलतड़ी के पास अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया, जिससे ईश्वर उछलकर सड़क पर जा गिरा और पीछे से आ रहे सेना के ट्रक की चपेट में आ गया। हादसा इतना भीषण था कि मासूम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया, जबकि थाना प्रभारी अंबी राम आर्य के अनुसार तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। दूसरी ओर, इस दर्दनाक हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों में गहरा आक्रोश है और उन्होंने सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि विन्यागांव-बलुवाकोट से तवाघाट तक सड़क चौड़ीकरण का कार्य पिछले पांच वर्षों से अधूरा लटका हुआ है, जिसके चलते संकरी और जर्जर हो चुकी सड़क आए दिन जानलेवा हादसों को न्योता दे रही है।