विदाई की बेला: वैदिक मंत्रोच्चार के साथ बंद हुए यमुनोत्री धाम के कपाट, अब खरसाली में होंगे मां यमुना के दर्शन

Spread the love

उत्तराखंड के चारधामों में प्रथम धाम के रूप में प्रसिद्ध विश्व विख्यात यमुनोत्री धाम के कपाट आज बुधवार को भैया दूज के पावन अवसर पर शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए हैं। वैदिक मंत्रोच्चार, पारंपरिक रीति-रिवाजों और सेना के बैंड की भक्तिमय धुनों के बीच सुबह 10 बजकर 28 मिनट पर मंदिर के मुख्य कपाट बंद होने की प्रक्रिया पूरी की गई। इस अवसर पर मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, तीर्थ पुरोहित और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे, जिन्होंने मां यमुना के जयकारों के साथ उन्हें विदाई दी। कपाट बंद होने के तुरंत बाद मां यमुना की उत्सव डोली अपने भाई शनिदेव महाराज की अगुवाई में शीतकालीन प्रवास स्थल खरसाली (खुशीमठ) के लिए रवाना हो गई है। अब आगामी छह महीनों तक श्रद्धालु खरसाली स्थित यमुना मंदिर में ही मां यमुना के दर्शन और पूजा-अर्चना कर सकेंगे। उल्लेखनीय है कि इस वर्ष 19 अप्रैल को अक्षय तृतीया के दिन यमुनोत्री धाम के कपाट खोले गए थे और पूरे यात्रा सीजन के दौरान 8.84 लाख से अधिक भक्तों ने धाम में पहुंचकर पुण्य लाभ अर्जित किया।