टिहरी: सुबोध उनियाल पर एजाज खान का बड़ा बयान, बोले—स्टेज से नीचे फेंक सकते थे!

Spread the love

कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल और पंजाबी गायक दलेर मेहंदी के बीच हुए मंच विवाद में अब अभिनेता एजाज खान भी कूद पड़े हैं। सोशल मीडिया पर जारी एक तीखे वीडियो बयान में एजाज खान ने दलेर मेहंदी का पुरजोर समर्थन करते हुए मंत्री उनियाल को आड़े हाथों लिया है। एजाज ने कहा कि दलेर मेहंदी एक बेहद सम्मानित और बड़े कलाकार हैं, जिन्होंने मंच पर मंत्री की सार्वजनिक फटकार के बावजूद अपनी गरिमा और संस्कारों का परिचय दिया। उन्होंने मंत्री को चेतावनी भरे लहजे में नसीहत देते हुए कहा कि कलाकार और उनके बॉडीगार्ड्स के पास इतनी ताकत थी कि वे चाहते तो मंत्री को स्टेज से नीचे फेंक सकते थे, लेकिन उन्होंने मर्यादा नहीं लांघी।

यह पूरा विवाद उत्तराखंड के टिहरी में आयोजित प्रसिद्ध मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले के दौरान शुरू हुआ, जहां लाइव परफॉर्मेंस के बीच कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने दलेर मेहंदी पर नशे में होने का आरोप लगाते हुए उन्हें मंच पर ही डांट दिया था। इस घटना के बाद से मनोरंजन जगत में भारी आक्रोश है और मिका सिंह, कपिल शर्मा, बादशाह समेत कई बड़ी हस्तियां दलेर मेहंदी के पक्ष में खड़ी हो गई हैं। करीबियों और अन्य कलाकारों ने स्पष्ट किया है कि दलेर मेहंदी शराब नहीं पीते हैं और हाल ही में हुई एक गंभीर सर्जरी के कारण उनकी तबीयत ठीक नहीं थी, जिसके चलते उन्हें बोलने में दिक्कत हो रही थी।