देहरादून: घंटाघर पर महिला कांग्रेस का प्रदर्शन, गौतम को बर्खास्त करने की मांग! | Uttarakhand News

Spread the love

देहरादून के ऐतिहासिक घंटाघर पर उत्तराखंड प्रदेश महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं ने केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में भारी संख्या में जुटी महिला नेताओं ने अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। दशहरे के पावन अवसर पर आयोजित इस विरोध प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और उत्तराखंड के पूर्व प्रभारी दुष्यंत गौतम का प्रतीकात्मक पुतला फूंका और उन्हें तत्काल उनके पद से बर्खास्त करने की मांग उठाई।

कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि सरकार इस संवेदनशील मामले में आरोपियों को संरक्षण दे रही है, जिससे पीड़ित परिवार को अब तक न्याय नहीं मिल सका है। मीडिया से बातचीत में महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने साफ तौर पर चेतावनी दी कि जब तक इस हत्याकांड के सभी दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा नहीं मिल जाती और पीड़ित परिवार को पूर्ण न्याय नहीं मिल जाता, तब तक महिला कांग्रेस का यह आंदोलन और सड़क से सदन तक का संघर्ष लगातार जारी रहेगा।