चंपावत के पूर्व विधायक कैलाश गहतोड़ी का निधन, मुख्यमंत्री धामी के लिए छोड़ी थी विधायकी

चंपावत के पूर्व विधायक कैलाश गहतोड़ी का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया है। उनकी मौत पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शोक जताया है।

Share

पूर्व विधायक व उत्तराखंड वन विकास निगम अध्यक्ष कैलाश गहतोड़ी लंबे समय से बीमारी से जूझ रहे थे। बताया जा रहा है कि तीन माह पूर्व ही वह अमेरिका से उपचार कर लौटे थे। Kailash Gahtodi Death उसके बाद उनकी तबीयत और खराब हो गई थी। इस पर उन्हें देहरादून के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शुक्रवार सुबह उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। उनके निधन की खबर सुनते ही क्षेत्र में शोक की लहर छा गई। लोग इस अनहोनी पर विश्वास ही नहीं कर पा रहे हैं। कैलाश गहतोड़ी 2017 में कांग्रेस नेता हेमेश खर्कवाल को बंपर मतों से हराकर पहली बार विधायक बने थे। उसके बाद 2022 के विस चुनाव में भी उन्होंने बड़ी जीत हासिल की थी। सीएम पुष्कर सिंह धामी खटीमा से चुनाव हार गए थे। इस पर उन्होंने विधायक पद से इस्तीफा देकर सीएम धामी के लिए चम्पावत सीट छोड़ी थी। सीएम धामी ने चम्पावत सीट से बड़े अंतर से जीत हासिल की थी।

मुख्‍यमंत्री पुष्‍कर सिंह धामी ने श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि ‘वन विकास निगम के अध्यक्ष, पूर्व विधायक, प्रिय मित्र और बड़े भाई कैलाश गहतोड़ी के निधन का पीड़ादायक समाचार सुन स्तब्ध हूं। कैलाश जी का जाना संगठन, प्रदेश के साथ-साथ मेरे लिए भी व्यक्तिगत क्षति है। इस असीम कष्ट को शब्दों में बयान नहीं कर पा रहा हूं। आपने अपना पूरा जीवन जनसेवा में खपा दिया, आप एक आदर्श जनप्रतिनिधि के रूप में सदैव याद किए जाएंगे। एक विधायक के रूप में चंपावत क्षेत्र के विकास के प्रति आपका समर्पण हमारे लिए प्रेरणास्रोत है। राजनीति और जनसेवा के क्षेत्र में आपसे मिला सानिध्य इतना आत्मीय और हृदय के निकट था कि आज विश्वास करना अत्यंत कठिन है कि आप हमारे बीच नहीं हैं। एक अच्छे मित्र और बड़े भाई के रूप में आप सदैव याद आएंगे। चंपावत के विकास को लेकर जो आपके संकल्प थे उन्हें पूर्ण करने की दिशा में हम समर्पित होकर कार्य करेंगे। ईश्वर से पुण्यात्मा को श्रीचरणों में स्थान एवं शोक संतप्त परिजनों को यह अपार कष्ट सहने की शक्ति प्रदान करने की कामना करता हूं।’