‘भूमि बचाओ, धामी हटाओ’ पर खजान दास का पलटवार! कांग्रेस को दिया करारा जवाब | Uttarakhand News

Spread the love

उत्तराखंड में मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस द्वारा शुरू किए गए ‘भूमि बचाओ, धामी हटाओ’ अभियान पर तीखा पलटवार करते हुए कैबिनेट मंत्री खजान दास ने इसे विपक्ष की हताशा करार दिया है। देहरादून में मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस के चाहने या ऐसे राजनीतिक हथकंडों से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को नहीं हटाया जा सकता। खजान दास ने कहा कि आगामी चुनाव भी मुख्यमंत्री धामी के सशक्त नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा और जनता पूरी तरह भाजपा के साथ खड़ी है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्षों तक सत्ता में रहने के बाद अब विपक्ष में बैठी कांग्रेस के भीतर मची छटपटाहट सड़कों पर दिखने लगी है, जिसे जनआंदोलन का नाम देने का असफल प्रयास किया जा रहा है।

भाजपा सरकार का बचाव करते हुए मंत्री ने कहा कि कांग्रेस देवभूमि की जमीन बचाने के नाम पर सिर्फ अपनी खिसकती हुई राजनीतिक जमीन तलाश रही है। कांग्रेस द्वारा जॉर्ज एवरेस्ट, डाकपत्थर और अलकनंदा होटल जैसी सरकारी संपत्तियों को निजी हाथों में सौंपने के लगाए गए आरोपों को निराधार बताते हुए उन्होंने कहा कि धामी सरकार ने हमेशा प्रदेश के संसाधनों और जमीनों को अवैध कब्जों से मुक्त कराने का काम किया है। खजान दास ने कांग्रेस नेताओं को नसीहत दी कि तथ्यहीन बयानबाजी करने और जनता को भ्रमित करने के बजाय वे सरकार द्वारा किए जा रहे जनकल्याणकारी व पारदर्शी कार्यों का समर्थन करें।