टिहरी के घर की रसोई में घुसा गुलदार! देर रात सौंड़कोटी गांव में मचा हड़कंप | Uttarakhand News

Spread the love

उत्तराखंड के टिहरी जिले के सौंड़कोटी गांव में देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एक गुलदार अचानक रिहायशी इलाके में दाखिल होकर एक घर की रसोई में जा घुसा। रसोई के अंदर बर्तनों और अलमारियों के बीच घूमते गुलदार को देख परिवार के होश उड़ गए और पूरे गांव में दहशत फैल गई। हालांकि, इस खौफनाक मंजर के बीच घर की एक महिला ने गजब का साहस और सूझबूझ दिखाते हुए गुलदार के भीतर घुसते ही रसोई का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया। इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें गुलदार रसोई के भीतर बाहर निकलने का रास्ता तलाशता नजर आ रहा है।

घटना के बाद परिजनों ने तुरंत शोर मचाकर ग्रामीणों को इकट्ठा किया और वन विभाग को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की रेस्क्यू टीम पिंजरा लेकर मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद गुलदार को सुरक्षित रूप से पिंजरे में कैद कर लिया। गुलदार के पकड़े जाने के बाद ही ग्रामीणों और पीड़ित परिवार ने राहत की सांस ली। हालांकि, स्थानीय लोगों ने रिहायशी इलाकों में लगातार बढ़ रही वन्यजीवों की आवाजाही पर चिंता जताते हुए वन विभाग से क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने की मांग की है।